सपा सांसद के विवादित बयान पर बवाल:भाजपा सांसद रावत बोले- सपा नेता भाजपा के खिलाफ जहर उगलते हैं, यह उनकी हताशा का परिणाम
हरदोई में समाजवादी पार्टी के सांसद रविदास मल्होत्रा के विवादित बयान पर सियासी माहौल गरम हो गया है। हरदोई के सदर सांसद जयप्रकाश रावत ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रावत ने कहा कि सपा के अधिकतर नेता भाजपा के विरोध में आपत्तिजनक बयान देते रहते हैं। यह उनकी हताशा का परिणाम है। समाजवादी पार्टी की नीतियां और नेताओं की गतिविधियां जनता में नकारात्मक माहौल बना रही हैं। सांसद रावत ने मल्होत्रा के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि इससे सपा की सोच स्पष्ट होती है। कांवड़ यात्रा के दौरान नेम प्लेट लगाने के मुद्दे पर भी उन्होंने अपना पक्ष रखा। रावत ने बताया कि कांवड़ यात्रा एक पवित्र यात्रा है। इसमें लाखों श्रद्धालु आस्था से जुड़ते हैं। प्रशासन चाहता है कि यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। नेम प्लेट लगाने का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को सुविधाएं मुहैया कराना है। सावन में कुछ चीजें वर्जित होती हैं। श्रद्धालुओं को अनुचित माहौल से बचाने के लिए यह व्यवस्था की गई है। सांसद ने इसे आवश्यक कदम बताया है।
