सोनीपत में धान चोरी करते 4 महिलाएं गिरफ्तार:किसान के खेत से धान चुराई थी; चारों जींद की हैं, कोर्ट ने भेजा जेल
सोनीपत के बरोदा थाना क्षेत्र में खेत से धान चोरी करने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी महिलाएं जींद जिले की निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। शिकायतकर्ता मुकेश, जो सोनीपत के गांव रुखी के निवासी हैं, ने 5 नवंबर 2025 को बरोदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके खेत गांव के बाईपास पर स्थित हैं, जहां उन्होंने धान निकालकर रखी हुई थी। जब मुकेश खेत में धान की जांच करने गए, तो उन्होंने चार महिलाओं को धान चोरी करते हुए देखा। इस पर उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। शिकायत के आधार पर बरोदा थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मुख्य सिपाही संजीत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और तत्परता दिखाते हुए चारों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



