अभाविप के 77 साल पूरे:महराजगंज में स्थापना दिवस पर संगोष्ठी, विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी
महराजगंज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) के 77वें स्थापना दिवस पर नगर स्थित ब्लॉक सभागार में संगोष्ठी का बुधवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गोरक्ष प्रांत के उपाध्यक्ष डॉ. दिवाकर सिंह ने स्वामी विवेकानंद और मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की। डॉ. दिवाकर सिंह ने कहा कि अभाविप विश्व का एकमात्र छात्र संगठन है। यह सतहत्तर वर्षों से राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन ने वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाई है। जवाहरलाल नेहरू पी.जी. कॉलेज के सहायक आचार्य डॉ. राहुल सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पारोमिता विश्वास ने की। संचालन प्रांत स्कूली विद्यार्थी कार्य संयोजक मयंक मणि त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड संघचालक साधुशरण, नगर सहमंत्री अंकित रौनियार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
