यूपी में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी:हरदोई में सांडी पक्षी विहार सहित जिले में विशेष निगरानी, पोल्ट्री फार्म पर नजर
रामपुर जिले में पोल्ट्री फार्म की मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद हरदोई में पशुपालन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सांडी पक्षी विहार में विशेष निगरानी शुरू की गई है। यहां हर साल यूरोप और अन्य देशों से प्रवासी पक्षी आते हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू पक्षियों की एक संक्रामक बीमारी है। इसे एवियन इन्फ्लुएंजा भी कहा जाता है। यह बीमारी संक्रमित पक्षियों के साथ मृत पक्षियों से अन्य जानवरों में भी फैल सकती है। जिले के बड़े पोल्ट्री फार्म संचालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पक्षियों की सामूहिक मृत्यु की सूचना तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सा अधिकारी को देनी होगी। विभाग ने सुरक्षा गाइडलाइन जारी की है। कुक्कुट मांस और अंडों को अच्छी तरह पकाना जरूरी है। पोल्ट्री फार्म में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। पक्षियों की हैंडलिंग के बाद हाथों को अच्छी तरह धोना आवश्यक है। मृत पक्षियों को छूने से बचना है। बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक भ्रमण न करें। जिले के सभी संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। संक्रमण को रोकने के लिए मासिक जांच की संख्या बढ़ा दी गई है।



