संभल में ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां:मस्जिदों में रोशनी और सजावट, आज निकलेगा जुलूस; प्रशासन अलर्ट
संभल में ईद मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या पर शहर रोशनी से जगमगा उठा है। मस्जिदों और मदरसों में विशेष सजावट की गई है। गली-मोहल्लों में हरियाली झंडे, रंग-बिरंगी झालरें और लाइटें लगाई गई हैं। शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में उत्साह का माहौल है। दुकानों पर इस्लामिक झंडों की बिक्री हो रही है। मदरसा अजमली समेत धार्मिक स्थलों पर विशेष रोशनी की गई है। लोग परिवार के साथ इन स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह विभिन्न समितियों द्वारा तैयार की गई झांकियों के साथ जुलूस निकलेगा। जुलूस शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए तय स्थलों तक जाएगा। इस दौरान इस्लामी गीत और कव्वालियां होंगी। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं का प्रचार किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मौलाना और उलेमाओं ने भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया है। फहीम अशरफी ने बताया कि हजरत मोहम्मद की 1500वीं विलादत की खुशी में अहले खग्गू सराय और मिलाद कमेटी के सहयोग से मोहल्ले को सजाया गया है। वसीम अहमद के अनुसार यह परंपरा पिछले 70-80 वर्षों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि पैगंबर का संदेश शांति और एकता का है। हिंदू-मुस्लिम सभी को मिलजुल कर रहने की अपील की गई है।
