नवादा में ताड़ के पेड़ से गिरा युवक:40 फीट ऊंचाई से गिरने से टूटा हाथ और सीने में लगी चोट, अस्पताल में भर्ती
नवादा जिले के वारसलीगंज प्रखंड के मसूदा गांव में रविवार को एक दुर्घटना हुई। ताड़ी निकालने के दौरान उपेंद्र चौधरी नाम का युवक 40 फीट ऊंचे ताड़ के पेड़ से नीचे गिर गया। यह घटना तब हुई जब उपेंद्र पेड़ पर ताड़ी उतारने के लिए चढ़ा था। अचानक पैर फिसलने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिर गया। परिजनों को इस घटना ती सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और घायल को सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल के डॉक्टर मनोज कुमार ने बताया कि उपेंद्र के सीने में चोट लगी है और उनका एक हाथ टूट गया है। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। उपेंद्र रोजाना ताड़ के पेड़ पर चढ़कर ताड़ी निकालने का काम करते थे। वह अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य हैं और ताड़ी बेचकर ही परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
