कल्याणपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से लोग परेशान:घरों और खेतों में घुसा पानी, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
कल्याणपुर प्रखंड में बागमती नदी का जलस्तर पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रहा है, जिससे कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र के नदी किनारे बसे घरों में पानी घुस गया है और खेत-खलिहानों में भी बाढ़ का पानी फैल गया है। स्थानीय लोग लगातार बढ़ते जलस्तर से परेशान हैं। कलौंजर पंचायत के गंगौरा निवासी सुरेश कुमार, भराव निवासी उमाशंकर राय, रमजान नगर निवासी मनोज कुमार और विमला देवी ने बताया कि पिछले चार दिनों से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बागमती की उपधारा शांति नदी में भी जलस्तर में वृद्धि देखी जा रही है। मोरवाड़ा और गंगौरा गांव के कई घरों में पानी प्रवेश कर चुका है। किसानों ने बताया कि बागमती और शांति नदी के किनारे खेतों में पानी घुसने से सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचा है। यदि जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो दलहन और रबी फसलों की बुवाई में भी देरी हो सकती है। सीओ शशि रंजन ने बताया कि फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि पानी का स्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन ग्रामीणों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।
