हिसार के बालसमंद में किसानों की फसलें बर्बाद, पोर्टल बंद:तहसील का घेराव करने की चेतावनी, ग्रामीणों की मुआवजा मांग
हिसार जिले के बालसमंद में लगातार बारिश और जलभराव से किसानों की फसलें खराब हो रही हैं। अखिल भारतीय किसान संगठन 4 तारीख को बालसमंद सब तहसील का घेराव करेगा। किसान नुकसान आकलन पोर्टल खोलने और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। सरकार क्षतिपूर्ति पोर्टल नहीं खोल रही किसान संगठन के प्रधान संदीप धीरनवास ने बताया कि क्षेत्र में निरंतर बारिश से चारों ओर पानी भरा हुआ है। प्रदेश सरकार क्षतिपूर्ति पोर्टल नहीं खोल रही है। इस कारण किसान अपनी फसल नुकसान का ब्योरा दर्ज नहीं करवा पा रहे हैं। क्षेत्र के किसानों ने मंगलवार को बैठक में यह निर्णय लिया। खेत में बाजरे की सिटी खराब हो रही संदीप ने बताया कि उनके खेत में पक चुका बाजरा जलभराव से अंकुरित हो गया है। बाजरे की सिटी खराब हो रही है। मूंग, ग्वार, कपास और फल-सब्जियों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। सत्ताधारी किसानों की आवाज दबा रहे हैं। वे न तो पोर्टल खुलवाने और न ही फसल मुआवजे की मांग कर रहे हैं। किसान संगठन की मांग है कि प्रदेश सरकार सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा दे।
