सीतामढ़ी में लगेंगी 15 हजार स्ट्रीट लाइटें:नगर निगम ने 46 वार्डों को दीपावली से पहले रोशन करने का लिया फैसला
सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र दीपावली से पहले रोशनी से सराबोर होने जा रहा है। नगर निगम बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए सभी सड़कों और गलियों से अंधेरे को दूर करने की ठोस तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 46 वार्डों में 15,097 ऊर्जा दक्ष LED स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस कदम से न केवल सुरक्षा और यातायात में सुधार होगा बल्कि पूरा शहर दीपावली से पहले जगमगाता नजर आएगा। खासतौर पर नवगठित ग्रामीण क्षेत्रों को भी शहरी सुविधाओं से जोड़कर लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत दिलाई जाएगी। इस परियोजना में नवीनतम तकनीक का उपयोग होगा ताकि बिजली की खपत कम हो और निगम पर अतिरिक्त भार न बढ़े। ऊर्जा दक्ष LED लाइटें स्थापित की जाएंगी, जिनकी देखरेख और मरम्मत के लिए अलग टीम गठित की जाएगी। मेयर रौनक जहां परवेज ने बताया कि पहले भी इस मुद्दे पर चर्चा होती रही है, लेकिन प्रशासनिक कारणों से काम आगे नहीं बढ़ पाया था। इस बार बोर्ड ने तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए NIT तैयार कर आदेश जारी कर दिया है। दीपावली तक यह योजना पूरी होने पर अंधेरे की समस्या समाप्त हो जाएगी। गली-मोहल्लों में भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने पर निगम का जोर वार्ड पार्षदों की निगरानी में इस काम को कराया जाएगा ताकि गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे। निगम का जोर सिर्फ मुख्य सड़कों पर ही नहीं बल्कि गली-मोहल्लों में भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने पर है। ग्रामीण इलाकों के लोग, जहां लंबे समय से सड़क पर अंधेरे की वजह से असुरक्षा का माहौल था, अब शहर जैसी रोशनी और सुविधा का अनुभव कर पाएंगे। खासतौर पर महिलाओं और विद्यार्थियों को रात में आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को भी इससे नई मजबूती मिलेगी।
