पानीपत में होलसेल डिस्ट्रीब्यूटर के घर चोरी:पत्नी-बेटे संग गया था बाहर, वापस लौटा तो ताले टूटे मिले; लाखों का कैश और आभूषण गायब
हरियाणा के पानीपत शहर के पॉश एरिया सेक्टर 11 में एक होलसेल डिस्ट्रीब्यूटर के घर पर चोरों ने लाखों की चोरी कर ली। घटना उस वक्त हुई, जब डिस्ट्रीब्यूटर अपने परिवार के साथ बाहर किसी काम से गया था। बीती रात वह वापस लौटा तो उसे चोरी होने का पता लगा। उसने देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे। भीतर घुसा तो सामान बिखरा हुआ था। सामान चेक किया तो लाखों का कैश और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है। कैश के अलावा ये आभूषण हुए चोरी जानकारी देते हुए राकेश कुमार ने बताया कि वह न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर 11 का रहने वाला है। वह क्रेक्स प्रोडक्ट का होलसेल डिस्ट्रीब्यूटर है। शनिवार को वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ किसी काम से बाहर गया हुआ था। रविवार रात को वे वहां से वापस लौटे। वापस लौटने पर देखा कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। घर के भीतर घुसा तो सामान बिखरा हुआ था। उसने सामान चेक किया तो अलमारी का भी लॉक टूटा हुआ था। जिसमें रखी 1 लाख 70 हजार की नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। आभूषणों में एक सोने का कड़ा, 5 सोने की अंगूठियां, सोने-चांदी के सिक्के, चांदी की पायजेब व अन्य सामान शामिल था।
