नवादा में 50 साल पुराना पेड़ सड़क पर गिरा:देवघर मार्ग पर 3 घंटे तक जाम, एक स्कॉर्पियो बाल-बाल बची
नवादा-देवघर मार्ग पर एक 50 साल पुराना विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इस घटना से मार्ग पर दोनों तरफ करीब दो-तीन किलोमीटर तक जाम लग गया। पेड़ गिरने के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी बाल-बाल बच गई। घटना में एक परिवार की मुश्किलें बढ़ गईं, जिनके बीमार बच्चों को सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी बाइक को वैकल्पिक रास्ते से निकालकर बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। यह मार्ग 24 घंटे वाहनों के आवागमन वाला व्यस्त रास्ता है। जाम में कई कांवरिया भी फंस गए। कुछ लोग जान जोखिम में डालकर गिरे हुए पेड़ के नीचे से अपनी बाइक निकालते देखे गए। 3 घंटे बाद हटाया गया पेड़ पुलिस ने जाम को हटाने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर यातायात सामान्य किया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
