करंट लगने से इंटरमीडिएट छात्र की मौत:खगड़िया में घर की छत पर प्लास्टर करते समय दुर्घटना, अस्पताल जाते वक्त तोड़ा दम
खगड़िया के महेशखूंट थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर के मदारपुर पंचायत में एक दुखद घटना सामने आई है। वार्ड नंबर 1 में घर के प्लास्टर के दौरान करंट लगने से इंटरमीडिएट छात्र मुन्ना कुमार (22) की मौत हो गई है। परिजनों के अनुसार, मुन्ना अपने घर के छत की चदरा (टीन शेड) पर चढ़कर दीवार का प्लास्टर कर रहा था। उनके घर में बाहर बिजली के पोल से सीधे तार का कनेक्शन था। अचानक उसी तार का कटा हुआ हिस्सा चदरा से सट गया। इससे मुन्ना को तेज करंट लगा और वह मूर्छित होकर गिर पड़ा। रास्ते में ही तोड़ा दम घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत मुन्ना को डॉक्टर के पास ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वार्ड प्रतिनिधि अजय पंडित ने बताया कि मृतक मुन्ना कुमार 3 भाइयों में से एक था। उसका पिता भूषण दास बाहर रहकर मजदूरी करता है। वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देना चाहता था। मुन्ना की मां आशा कार्यकर्ता के रूप में काम करती हैं। इस घटना ने इस परिवार पर गहरा दुख पहुंचाया है। जवान बेटे को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुन्ना के निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
