औरंगाबाद में एनएच-19 पर वृद्ध को रौंदा, मौत:घर से टहलने के लिए निकले थे, हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार
औरंगाबाद शहर में टाटा मोटर्स एजेंसी के पास एनएच-19 पर सोमवार देर शाम तेज रफ्तार वाहन ने 67 वर्षीय वृद्ध को कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शहर के वार्ड नंबर-13 स्थित मिनी बिगहा मोहल्ला के रहने वाले सिंधेश्वर साव के रूप में हुई है। उनका पैतृक गांव झारखंड के बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के राणा प्रताप नगर में है। कई साल से वे मिनी बिगहा में ही अपने परिवार के साथ रह रहे थे। परिजनों ने बताया कि सिंधेश्वर साव मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते थे। सोमवार शाम वे पैदल टहलने निकले थे। जैसे ही हाईवे पर पहुंचे, तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी चालक का पता लगाया जा रहा मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। शव से लिपटकर रोने लगे। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित गुप्ता भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद नगर थाना को सूचना दी गई। नगर थाना के दारोगा चंदन कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। फिर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के तीन बेटे हैं। वे शहर में ही रहकर मजदूरी करते थे। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। अमित गुप्ता ने बताया कि मृतक बहुत गरीब थे। जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की है। नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में वृद्ध की मौत हुई है। धक्का मार कर भागने वाले चालक और वाहन का पता लगाया जा रहा है।
