ई-रिक्शा से खींचकर अधेड़ की गोलियों से हत्या:शेखपुरा में जमीन विवाद में तीसरी हत्या, 2 साल पहले मर्डर के मामले में था आरोपी
शेखपुरा में मंगलवार की देर शाम अरियरी थाना क्षेत्र के फरपर-कैमरा पथ पर हथियारबंद अपराधियों ने कृष्णा ढाड़ी (60) को ई-रिक्शा से खींचकर गोलियों से हत्या कर दी। घटना सीमाना के निकट हुई। इसी गाड़ी पर बैठी मोनी देवी नामक एक महिला भी गोली लगने से घायल हो गई। अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। मृतक कैमरा गांव निवासी बालेश्वर ढाढ़ी का बेटा था। ई-रिक्शा से लौट रहा था घर कृष्णा ढाड़ी शेखपुरा कोर्ट से काम निपटाकर ई-रिक्शा पर घर लौट रहा था। डीहा गांव से आधा किलोमीटर आगे सिमाना खंधा के पास बाइक पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने उसे वाहन से खींचकर हत्या कर दी। मृतक के आंख, सीने और शरीर के अन्य चार जगहों पर गोली के निशान मिले हैं। मृतक 2 साल पहले जमीन विवाद में मसूदन राम का बेटा शत्रुघ्न राम की हत्या के मामले में आरोपी था। वह कुछ महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। एक साल पहले भी हुई थी हत्या एक साल पहले मृतक के पक्ष के श्रवण ढाढ़ी के दामाद और ककरौरी गांव निवासी विपिन ढाढी की हत्या बदमाशों ने लखीसराय के हलसी थाना क्षेत्र में कर दी थी। इस मामले में कैमरा गांव के रणजीत राम को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। 5 बच्चों का पिता था मृतक इन दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में 2 साल के अंदर 3 लोगों की जान जा चुकी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक के 5 बेटे हैं, जो मसूदन राम के पुत्र की हत्या के मामले में गिरफ्तारी के भय से फरार हैं। गांव में मृतक और उसकी पत्नी ही रह रहे थे। घटनास्थल से 3 खोखा बरामद घटना की सूचना मिलने के बाद अरियरी थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस सब इंस्पेक्टर रामप्रवेश भारती ने बताया कि घटनास्थल से 3 खोखा बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व से गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों के साथ भूमि विवाद चल रहा है। पुलिस इस मामले को बारीकी से जांच कर रही है। एसपी ,एसडीपीओ और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है। पुलिस ने हत्या का कारण भूमि विवाद बताया है। जिले में 2 दिनों के अंदर 3 लोगों की हत्या हो चुकी है। अचानक आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो जाने से दहशत का माहौल कायम हो गया है।
