मुंगेर में बाढ़ पीड़ितों ने सिंघिया पंचायत NH-80 किया जाम:राहत राशि नहीं मिलने से ग्रामीण नाराज, 2 घंटे यातायात हुई प्रभावित
मुंगेर के जमालपुर प्रखंड के सिंघिया पंचायत में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने रविवार को राहत राशि की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-80 को जाम कर दिया। जगदंबापुर फरदा के पास जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहा। ग्रामीणों ने बताया कि एक माह से अधिक समय से वे बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं। पानी खेत-खलिहान और घरों में घुस गया, फसलें बर्बाद हो गईं, मवेशियों के लिए चारे की किल्लत हो गई। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से उन्हें कोई आर्थिक मदद नहीं मिली। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कराया जाम खत्म सूचना मिलते ही जमालपुर अंचल के राजस्व अधिकारी उज्ज्वल चौबे और सफियासराय थानाध्यक्ष अमरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और आश्वासन देकर जाम हटवाया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। पहले भी हो चुके हैं प्रदर्शन ग्रामीणों का कहना था कि सिंघिया पंचायत के वार्ड 13 और 14 को अब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें मुआवजा नहीं मिल रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत राशि उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे और उग्र आंदोलन करेंगे। जिला प्रशासन का दावा है कि बाढ़ सहायता राशि लगातार भेजी जा रही है, फिर भी कई जगहों पर मुआवजा नहीं मिलने से लोग सड़क जाम कर रहे हैं। इससे पहले भी बरियारपुर मुख्य पथ पर बाढ़ पीड़ितों ने दो बार जाम कर विरोध जताया था।
