जॉर्जिया मेलोनी ने अलग ही अंदाज में दी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

Georgia Meloni wishes PM Narendra Modi: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अलग ही अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। एक्स पर इटैलियन में लिखे एक पोस्ट में मेलोनी ने कहा- भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र ...

Sep 17, 2025 - 18:14
 0
जॉर्जिया मेलोनी ने अलग ही अंदाज में दी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं


Georgia Meloni wishes PM Narendra Modi: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अलग ही अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। एक्स पर इटैलियन में लिखे एक पोस्ट में मेलोनी ने कहा- भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को को 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि उनकी (मोदी की) शक्ति, दृढ़ संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की क्षमता प्रेरणा का स्रोत है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। ALSO READ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75 साल और उनके बारे में 75 बातें

 

मेलोनी ने अपनी पोस्ट में अपना एक फोटो भी शेयर किया है, जिसमें वे मोदी के साथ मुस्कराते हुए दिखाई दे रही हैं।  उन्होंने लिखा- मित्रता और सम्मान के साथ, मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं ताकि वे भारत को एक उज्जवल भविष्य की ओर ले जा सकें। उन्होंने मोदी के नेतृत्व में भारत और इटली के बीच मजबूत संबंधों की उम्मीद भी जताई। उल्लेखनीय है कि मोदी और जॉर्जिया कई मौकों पर मिल चुके हैं। 

पुतिन ने भी दी शुभकामनाएं : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी और मॉस्को तथा नई दिल्ली के बीच साझेदारी को मजबूत करने में उनके ‘अत्यंत व्यक्तिगत योगदान’ की सराहना की। क्रेमलिन वेबसाइट पर प्रकाशित एक संदेश में रूसी नेता ने कहा कि प्रिय प्रधानमंत्री जी, कृपया अपने 75वें जन्मदिन के अवसर पर मेरी ओर से हार्दिक बधाई स्वीकार करें।

 

पुतिन ने कहा कि आप हमारे देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभकारी रूसी-भारतीय सहयोग विकसित करने में बड़ा व्यक्तिगत योगदान दे रहे हैं। पुतिन ने कहा कि मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में अपने कार्यों के माध्यम से अपने ‘देशवासियों का उच्च सम्मान और विश्व मंच पर अत्यधिक अधिकार’ अर्जित किया है।

 

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्रों में भी प्रभावशाली उपलब्धियां हासिल की हैं। मोदी और पुतिन पिछले महीने चीन के तियानजिन शहर में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में मिले थे। (एजेंसी/वेबदुनिया)

Edited by: Vrijendra Singh Jhala