हर्ष फायरिंग में युवक के सिर में लगी गोली, मौत:दरभंगा से मधुबनी आई थी बारात, निकाह की रस्म पूरी होते ही की फायरिंग
मधुबनी के भेजा थाना क्षेत्र के महपतिया गांव में शुक्रवार देर शाम एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान महपतिया गांव निवासी मोहम्मद मसीउल्लाहके बेटे इफ्तखार कौशर(18) उर्फ लाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मोहम्मद नेहाल नदाफ की बेटी की शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली उसके माथे में जा लगी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार को लगभग आठ बजे की है। बारात दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव से आई थी। निकाह की रस्म पूरी होते ही बधू पक्ष के कुछ लोगों ने खुशी में हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से खून से लथपथ युवक वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शादी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर थानाध्यक्ष सूरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच में जुटी पुलिस थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि गोली किसने और किस प्रकार चलाई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले भी हर्ष फायरिंग की घटनाएं होती रही हैं। गांव में इस घटना को लेकर शोक की लहर है।
