पीलीभीत में पुलिया तोड़ी, वैकल्पिक व्यवस्था नहीं:माधोटांडा रोड पर वाहन फंस रहे, किसान यूनियन 1 सितंबर से करेगी धरना
पीलीभीत से 2 किलोमीटर दूर माधोटांडा रोड पर 'सड़ा नाला' की पुलिया को बरसात से पहले तोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पूरी तरह ठीक थी। पुलिया का चौड़ीकरण किया जाना था। लेकिन बिना वैकल्पिक व्यवस्था के इसे तोड़ दिया गया। इस मार्ग से गुजरने वाली कारों के बंपर टूट रहे हैं। चारपहिया वाहन फंस रहे हैं। पुलिस वाहन, एंबुलेंस, स्कूल बसें और सरकारी कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान नेता गुरदीप सिंह ने ठेकेदार और अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने फोन बंद कर लिया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने इस मुद्दे को उठाया है। संगठन का कहना है कि पुलिया तोड़ने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। युवा जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह 'गोगी' ने चेतावनी दी है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो 1 सितंबर से लोक निर्माण विभाग कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना होगा। हाल ही में हुई बरसात में निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में 4-5 फीट पानी भर गया था। लोग जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं। कलीनगर तहसील मुख्यालय जाने का एकमात्र रास्ता भी बंद हो गया है।



