कुशीनगर में महिला का फंदे से लटका मिला शव:विदेश में रहता है पति, घर का दरवाजा अंदर से बंद होने पर बच्चों ने मचाया शोर
कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब महिला के बच्चे स्कूल से लौटे। जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज से पिपराइच जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित शिव मंदिर चौराहे के पास एक मकान में महिला का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था। बच्चों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया और मां की आवाज न आने पर शोर मचाया। जिसके बाद भीड़ जमा हो गई। मृतका की पहचान रिटायर्ड शिक्षक जगदीश सिंह के बड़े बेटे गणेश सिंह की पत्नी अंजू (35) के रूप में हुई है। गणेश सिंह रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। अंजू अपनी बेटी साक्षी सिंह और बेटे आरके के साथ अकेले रहती थीं। गणेश सिंह की शादी 11 साल पहले गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के भूड़ाडीह निवासी जयसिंह की पुत्री अंजू से हुई थी। सूचना मिलने पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक चंद्र भूषण प्रजापति ने बताया कि महिला के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। परिजनों की मांग पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच रही है।
