नारनौल में भाजपा कार्यकर्ता करवाएंगे लाडो लक्ष्मी योजना का आवेदन:सफल बनाने के लिए महिला मोर्चा व संगठन के लोग जाएंगे घर-घर
हरियाणा के नारनौल में भाजपा महिला मोर्चा की जिला प्रधान भारती सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना की घोषणा कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। इस योजना के लागू हो जाने के बाद महिलाओं को थोड़े थोड़े पैसों के लिए पुरुषों के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं रहेगी। भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए भारती सैनी ने बताया कि इस योजना को सही ढंग से क्रियान्वयन के लिए भाजपा महिला मोर्चा व अन्य मोर्चों की टीम घर-घर जाकर महिलाओं को इसके बारे में बताएगी तथा एप के माध्यम से महिलाओं को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन करवाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए आवेदन करना बहुत ही सरल होगा। जिसके तहत महिलाओं को अपने मोबाइल में एक एप को इंस्टॉल करना होगा। जिसके बाद बड़ी आसानी से आवेदन किया जा सकता है। ये आवेदन 25 सितंबर से शुरू होंगे। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता भी सहयोग करेंगे। महिलाओं के पास आएगा मैसेज उन्हाेंने बताया कि प्रदेश में करीब 22 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। जिन महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा, उनके पास मैसेज भी आएगा। फिर भी यदि किसी लाभार्थी महिला के पास इसका मैसेज नहीं आया तो उसकी पूरी मदद कार्यकर्ताओं द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी जरूरतों के लिए महिलाएं पुरुषों के सामने अपना हाथ न फैलाएं तथा स्वावलंबी बने। यह है शर्त इसके लिए यह योजना शुरू की गई है। जिसमें 23 वर्ष से 60 वर्ष तक की महिलाओं को यह लाभ मिलेगा। अगर किसी महिला की पहले से पेंशन, जैसे विधवा या दिव्यांग बनी हुई है तो उस महिला को यह लाभ नहीं मिलेगा। इसके लिए फैमिली आईडी में परिवार की मासिक आय एक लाख रुपए से कम होनी चाहिए। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष यतेंद्र यादव व महासचिव अर्चना कुमारी भी मौजूद रही।
