झालावाड़ में ट्रांसजेंडर को मिली नई पहचान:सिम्मी को मिला प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
झालावाड़ के मिनी सचिवालय में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सारोलाकलां निवासी सिम्मी को ट्रांसजेंडर प्रमाण-पत्र प्रदान किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक रामनिवास यादव के अनुसार, सिम्मी ने 25 अप्रैल को इस प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें यह प्रमाण-पत्र जारी किया गया। यह प्रमाण-पत्र ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की आधिकारिक पहचान का दस्तावेज है। इसके माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद सिम्मी अत्यंत प्रसन्न दिखाई दीं।
