अंबाला में कांग्रेस का “वोट चोर गद्दी छोड़ो” हस्ताक्षर अभियान:AICC सचिव प्रफुल्ल गुडाधे बोले- जनता का अपमान अब नहीं सहेगी पार्टी
अंबाला शहर के दुर्गा नगर इलाके में रविवार देर शाम कांग्रेस पार्टी ने "वोट चोर गद्दी छोड़ो" हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता को एकजुट करना और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों की रक्षा करना बताया गया। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव प्रफुल्ल विनोदराव गुडाधे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस इस जनविरोधी शासन के खिलाफ देशभर में जनजागरण अभियान चला रही है। गुडाधे ने कहा कि "वोट चोर गद्दी छोड़ो" सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि जनता की आवाज है, जो अब सड़कों पर उतर चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की आत्मा को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस हर स्तर पर इस लड़ाई को लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को सरकार की सच्चाई से अवगत कराने का आह्वान किया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पवन अग्रवाल (डिम्पी) ने कहा कि अंबाला शहर कांग्रेस का गढ़ रहा है और यहां के लोग हमेशा सच्चाई और न्याय के पक्ष में खड़े रहते हैं। उन्होंने भाजपा पर जनता को महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की सौगात देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है कि उनका वोट कैसे बेकार किया जा रहा है और किस तरह से सत्ता में बैठे लोग जनमत की अवहेलना कर रहे हैं। गुडाधे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर वर्ग की आवाज को बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह अभियान परिवर्तन की दिशा में पहला कदम है। पवन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान अंबाला से शुरू होकर प्रदेशभर में फैलाया जाएगा और "वोट चोर गद्दी छोड़ो" की गूंज हरियाणा से लेकर दिल्ली तक सुनाई देगी।
