भिवानी में पत्नी से मिलने जा रहे युवक की मौत:अंधेरे में रोड पर खड़ी पिकअप से टकराई बाइक; अस्पताल में भर्ती थी
भिवानी जिले के लोहारू क्षेत्र के सतनाली रोड पर गांव फरटिया के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की बाइक सड़क पर खड़ी एक पिकअप गाड़ी से टकरा गई थी। मृतक की पहचान गांव बवानी खेड़ा निवासी विकास के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ढाणी ढोला में रह रहा था। वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर भिवानी स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। उसकी पत्नी भिवानी के एक अस्पताल में भर्ती थी, जिससे मिलने के लिए वह रात में निकला था। अंधेरे में खड़ी पिकअप से हुई टक्कर फरटिया गांव के पास सड़क पर लकड़ियों से लदी एक पिकअप गाड़ी खड़ी थी, जो अंधेरे के कारण विकास को दिखाई नहीं दी। उसकी मोटरसाइकिल सीधे पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही लोहारू थाना के उप-निरीक्षक सज्जन सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। युवक सड़क के बीचों-बीच मृत पाया गया। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात तक घटनास्थल पर जांच जारी रही। गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ विकास मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में माता-पिता, एक बहन, पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर गहरा संकट आ गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पिकअप कब्जे में ली पुलिस ने मृतक के पिता महेंद्र सिंह के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में शामिल पिकअप गाड़ी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



