संजय नगर खेड़ा में 11 मई को लगेगा महापौर का जनता दरबार

संजय नगर खेड़ा में 11 मई को लगेगा महापौर का जनता दरबार

May 10, 2026 - 10:25
 0
संजय नगर खेड़ा में 11 मई को लगेगा महापौर का जनता दरबार

संजय नगर खेड़ा में 11 मई को लगेगा महापौर का जनता दरबार

- विभिन्न विभागों के स्टालों पर मिलेंगी योजनाओं की सुविधाएं

रूद्रपुर। नगर निगम रूद्रपुर द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘महापौर जनता के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुद्देशीय शिविर का आयोजन 11 मई को संजय नगर खेड़ा में किया जाएगा। शिविर में महापौर विकास शर्मा स्वयं मौजूद रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित विभागों के माध्यम से मौके पर ही उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने जानकारी देते हुए बताया कि जनता दरबार एवं बहुद्देशीय शिविर का आयोजन 11 मई को प्रातः 10 बजे से नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 संजय नगर खेड़ा स्थित बसंती पूजा मैदान में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

नगर आयुक्त ने बताया कि शिविर में नगर निगम, तहसील प्रशासन, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला पूर्ति विभाग, श्रम विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान, सीएससी सहित विभिन्न विभागों की ओर से अलग अलग स्टाल लगाए जाएंगे। इन स्टालों पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसके अलावा लोगों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम आम जनता की समस्याओं के समाधान और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।