फतेहपुर पुलिस ने 48 वाहनों पर की कार्रवाई:नशे में ड्राइविंग करने पर 4.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया
फतेहपुर में पुलिस ने जिंदपुर टोल प्लाजा पर चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत 48 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 4 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ की गई। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक सीओ प्रगति यादव ने किया। इस दौरान लगभग 30 पुलिसकर्मी और ट्रैफिक विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। टोल प्लाजा से गुजरने वाले ट्रक, चार पहिया और दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर वाहन चालकों की जांच की और नशे में ड्राइविंग करने वालों के चालान काटे। नशे में ड्राइविंग के अलावा, बिना हेलमेट बाइक चलाने, सीट बेल्ट न लगाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। ट्रैफिक विभाग ने अभियान के लिए दो टीमें गठित की हैं। एक टीम सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी कर रही है, जबकि दूसरी टीम ट्रैफिक इंस्पेक्टर और पुलिस बल के साथ मौके पर वाहनों की जांच कर रही है। डीएसपी प्रगति यादव ने बताया कि यह विशेष अभियान रात 8 बजे से 11 बजे तक चलाया जा रहा है और अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने बताया कि नशे में वाहन चलाते पाए गए 30 वाहनों का ई-चालान कर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 18 अन्य वाहन चालकों पर नियम तोड़ने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।



