सोहना में गाड़ी से 20 LPG सिलेंडर बरामद:मारुति कुंज में CM फ्लाइंड की रेड; 18 में गैस मिली, युवक अरेस्ट
गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मारुति कुंज में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए 20 गैस सिलेंडर जब्त किए। टीम को सूचना मिली थी कि मारुति कुंज क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और दुरुपयोग किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एक संदिग्ध वाहन (नंबर HR 55 AJ 9226) को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 20 एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए। 18 भरे और 2 खाली सिलेंडर मिले वाहन से 18 भरे हुए भारत गैस सिलेंडर, एक खाली भारत गैस सिलेंडर और एक खाली इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए गए। वाहन में सवार व्यक्ति की पहचान सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी अंकुश यादव के रूप में हुई। पूछताछ में वह सिलेंडरों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। टीम ने उसे हिरासत में लेकर वाहन और सिलेंडरों को जब्त कर लिया। संयुक्त टीम ने की छापेमारी इस अभियान में सीएम फ्लाइंग से इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, सीआईडी से इंस्पेक्टर अनिल कुमार यादव, सब-इंस्पेक्टर महाबीर, सुरेंद्र और प्रवीण शामिल थे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से एएफएसओ विजय कुमार, इंस्पेक्टर गजेंद्र और विनय ने भी कार्रवाई में भाग लिया। डीएफएससी ने नागरिकों से की अपील जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) अशोक रावत ने कहा कि एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली या अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



