जौनपुर में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या:घर से 500 मीटर दूरी पर मिला लहूलुहान शव, दीपावली मनाने मुंबई से आया था घर
जौनपुर के मछली शहर विकासखंड के बभनियांव गांव में 25 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर प्रवीण मिश्रा का शव बरामद हुआ है। उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर एक मशीन पर मिला। प्रवीण के सिर पर चोट के निशान थे और खून फैला हुआ था। मृतक के पिता महेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की गोली मारकर हत्या की गई है। उन्होंने कुछ पड़ोसियों पर जमीन कब्जाने और पुलिस पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर प्रवीण को हिस्ट्रीशीटर बनाने का भी आरोप लगाया है। प्रवीण मुंबई में एक दुकान चलाता था और दीपावली पर अपने घर आया था। वह बीती रात घर से निकला था, जिसके बाद सुबह गांव के दीनानाथ मिश्रा की मशीन पर उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थानाध्यक्ष विनोद अंचल और सीओ प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अभी तक हत्या के तरीके के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।



