रामपुर से संजय सिंह ने की ‘संविधान बचाओ–वोट बचाओ यात्रा:बापू की समाधि पर की प्रार्थना, बोले- नफरत से न देश बनेगा, न लोकतंत्र बचेगा
आम आदमी पार्टी के फायर ब्रांड नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह सोमवार को रामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बापू समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और प्रार्थना की। इसके बाद वे थोड़ी देर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद ‘संविधान बचाओ–वोट बचाओ यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जिसमें वे खुद भी पदयात्रा में शामिल होंगे। बापू समाधि पर प्रार्थना करते हुए संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी से लोकतंत्र को बचाने और नफरत की राजनीति को खत्म करने की शक्ति मांगी है। उन्होंने कहा कि नफरत की बुनियाद पर न देश बन सकता है और न ही दुनिया चल सकती है। गांधी जी ने पूरे जीवन अहिंसा, भाईचारे और साथ लेकर चलने की राजनीति की वकालत की। ‘सभी धर्मों का सम्मान करने वाला भारत चाहिए’ संजय सिंह ने कहा कि गांधी जी ऐसे हिंदुस्तान की कल्पना करते थे, जहां सभी धर्मों के लोग सम्मान के साथ रहें। आज रामपुर की ऐतिहासिक धरती से उन्होंने उसी भारत के लिए संघर्ष का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि रामपुर से मुरादाबाद, अमरोहा और कांशीराम कॉलोनी तक यह पदयात्रा जाएगी। वोट कटने पर उठाए सवाल आप नेता ने कहा कि अगर वोट काटने की राजनीति इसी तरह चलती रही तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाएगा। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में 97 हजार वोट कटे हैं और उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा तीन से चार करोड़ तक पहुंच सकता है। इससे संविधान द्वारा मिले अधिकार खतरे में पड़ जाएंगे। सरकार पर नफरत फैलाने का आरोप संजय सिंह ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज राजनीति में गांधी जी के विचारों को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है, जबकि देश को जोड़ने और लोकतंत्र बचाने की जरूरत है। इसी मकसद से आम आदमी पार्टी संविधान और वोट की रक्षा के लिए पदयात्रा कर रही है।



