भिवानी में चलेगा कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान:ईंट भट्ठों पर विशेष फोकस, जागरूकता के साथ खोजें जाएंगे मरीज, फिलहाल जिले में तीन
भिवानी जिले भर में एक पखवाड़े तक कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिसकी शुरुआत शुक्रवार को चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल से की गई। इस दौरान आशा वर्कर्स को कुष्ठ रोग के इस विशेष अभियान की जानकारी दी गई और शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान भिवानी की डिप्टी सिविल सर्जन डॉक्टर सुमन विश्वकर्मा ने कहा कि हरियाणा व भिवानी में काफी कम कुष्ठ रोगी हैं। हालांकि 30 जनवरी से 13 फरवरी तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिलेभर के विभिन्न एरिया में स्थित ईंट भट्ठों पर जाकर कुष्ठ रोग के बारे में जागरूक किया जाएगा। वहीं कुष्ठ रोग की जांच भी की जाएगी। ताकि कुष्ठ रोगियों को पता लगाकर उनका समय पर उपचार किया जा सके। फिलहाल जिले में कुष्ठ रोग के 3 मरीज हैं। इसके लिए सभी की ड्यूटी लगाई गई है। विशेष जागरूकता पखवाड़े की शुरुआत उन्होंने विश्व कुष्ठ रोग दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती से विशेष जागरूकता पखवाड़े की शुरुआत की। डॉ. सुमन विश्वकर्मा ने कहा कि यह अभियान 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलाया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करना और इससे प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव को जड़ से समाप्त करना है। इस दौरान कुष्ठ रोग मुक्त हरियाणा बनाने की शपथ दिलवाई। संकल्प लिया कि वे न केवल कुष्ठ रोग की पहचान और इलाज में मदद करेंगे, बल्कि समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए भी काम करेंगे। कुष्ठ रोग का निदान आसान है। अक्सर जानकारी के अभाव में लोग इस बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों से दूरी बना लेते हैं, जो गलत है। यह पखवाड़ा लोगों को यह समझाने के लिए है कि कुष्ठ रोग छुआछूत की बीमारी नहीं है और सही समय पर इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।



