रोहतक पुलिस ने ठगी के आरोपी को पकड़ा:नोट्स लिखने के बहाने हजारों की धोखाधड़ी, कोर्ट ने रिमांड पर भेजा
रोहतक पुलिस ने नौकरी के नाम पर 34 हजार रुपए की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। कलानौर थाना प्रभारी निरीक्षक सतपाल ने बताया कि यह कार्रवाई सांगाहेड़ा निवासी सुरभि की शिकायत के आधार पर की गई। सुरभि ने पुलिस को बताया कि उसने नौकरी के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद उसे एक संदेश मिला। संदेश में सात दिनों के लिए नोट्स लिखने के बदले 25 हजार रुपए देने का प्रस्ताव था। रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर दिए पैसे सुरभि आरोपियों की बातों में आ गई और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से कुल 34,313 रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार मामले की जांच पीएसआई प्रदीप द्वारा की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने 17 मार्च 2026 को आरोपी लोकेश निवासी रामड़ी को गिरफ्तार किया। लोकेश धोखाधड़ी की राशि प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराता था।



