फतेहाबाद में महिला से दिनदहाड़े सोने की बाली छीनी:मुख्य आरोपी पोता गिरफ्तार; घर के बाहर चारपाई पर बैठी थी
फतेहाबाद जिले के हड़ोली गांव में दिनदहाड़े एक महिला से सोने की बाली छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से छीनी गई बाली भी बरामद कर ली है। आरोपी सतनाम महिला का पोता है। शिकायतकर्ता भागवंती पत्नी तारा सिंह निवासी हड़ोली ने पुलिस को बताया कि 18 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने घर के बाहर चारपाई पर बैठी थीं। इसी दौरान उनका पोता सतनाम अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां आया और उनसे बातचीत करने लगा। एक ने इशारा किया, दूसरे ने छीनी महिला के अनुसार, बातचीत के दौरान सतनाम के एक साथी ने इशारा किया, जिसके बाद दूसरे युवक ने अचानक उनके कान से सोने की बाली छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि वह सतनाम के दोनों साथियों को पहचानती हैं, लेकिन उनके नाम नहीं जानतीं। छीनी गई सोने की बाली भी बरामद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सतनाम को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से छीनी गई सोने की बाली भी बरामद कर ली गई। न्यायिक हिरासत में भेजा पुलिस ने बताया कि आरोपी सतनाम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि वारदात में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।



