मैनपुरी में 311 वाहनों के चालान, ₹2.64 लाख जुर्माना:सड़क सुरक्षा माह के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया
मैनपुरी में 14 जनवरी 2026 को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात श्री अरुण कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक यातायात सुश्री दीपशिखा सिंह और यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने यातायात व थाना पुलिस के साथ मिलकर इस अभियान को अंजाम दिया। इस अभियान के दौरान कुल 311 वाहनों के चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले वाहनों के 100 चालान शामिल थे। इसके अतिरिक्त, यातायात कार्यालय के कंट्रोल रूम से अन्य 200 धाराओं में 11 चालान किए गए। चेकिंग के दौरान बस वाहनों से नकद समन शुल्क के रूप में ₹10,000 वसूले गए। कुल मिलाकर, इस विशेष अभियान में ₹2,64,000 का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने चालान करने के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात नियमों की जानकारी भी दी।



