बकरी नहलाते वक्त बांध में डूबी महिला:कल्याणपुर के लोणदा बांध की घटना, शव की तलाशी के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उदयपुर में कल्याणपुर थाना क्षेत्र की रजोल पंचायत स्थित लोणदा बांध में मंगलवार को बकरी नहालते वक्त पैर फिसलने से एक महिला बांध में डूब गई। महिला के साथ उस वक्त उसके दो बच्चे थे। उन्होंने मां को डूबता देख जोर से मदद के लिए आवाज लगाई लेकिन आसपास कोई नहीं था। इसके बाद बच्चों ने घर पहुंचकर डूबने की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उदयपुर से नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू हुआ। अभी तक महिला का शव नहीं मिल पाया है। पैर फिसला और गहरे पानी में चली गई महिला: थानाधिकारी थानाधिकारी मूलाराम ने बताया कि विजनफला निवासी महिला के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से महिला की तलाश जारी है। महिला गीता देवी (पत्नी देवीलाल) अपने बच्चों के साथ बांध पर गई थी। इसी दौरान वह बकरी को नहला रही थी। तभी अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गई और बाहर नहीं निकल सकी। बच्चों ने काफी शोर मचाया। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व सरपंच पति मणीलाल और वर्तमान सरपंच अरुणा मीणा भी मौके पर पहुंचे।। गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है। इनपुट: अशोक वैष्णव, कल्याणपुर



