भाजपा नेता जितेंद्र सिंह ने केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात:डीडवाना के विकास और पर्यटन पर हुई चर्चा
भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। इस दौरान डीडवाना विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास पर विस्तृत चर्चा हुई। जोधा ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष डीडवाना क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण विषय रखे। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से डीडवाना को पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने दिया सहयोग का आश्वासन केंद्रीय मंत्री शेखावत ने डीडवाना के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देना मंत्रालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि वे डीडवाना क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।



