पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर ड्राइवर को धमकाने का आरोप:पैसे के लेनदेन का मामला, वेतन मांगने पर जान से मारने की दी धमकी
हरदोई के माधौगंज ब्लॉक के पूर्व प्रमुख विवेक सिंह पटेल पर उनके ड्राइवर ने वेतन न देने का आरोप लगाया है। ड्राइवर सूरज कुमार कश्यप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह मामला सामने लाया है। सूरज ने बताया कि वह तीन साल से विवेक सिंह के साथ 10,000 मासिक वेतन पर काम कर रहा था। इस दौरान उसका कुल 3.6 लाख वेतन बनता है। लेकिन उसे अब तक सिर्फ 60,000 ही मिले हैं। एक साल पहले सूरज की बहन की शादी में विवेक सिंह ने 1 लाख दिए थे। साथ ही 2 लाख और देने का वादा किया था। यह राशि अभी तक नहीं मिली है। सूरज ने जब अपनी बकाया राशि मांगी तो उसे धमकी दी गई। जातिसूचक टिप्पणियां की गईं। रविवार को विवेक सिंह अपने समर्थकों के साथ सूरज के घर पहुंचे। वहां भी उसे धमकी दी गई। डर के कारण सूरज घर से बाहर नहीं निकल पाया। उसने 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। इस मामले का एक ऑडियो सामने आया है। इसमें धमकी और गाली-गलौज की आवाजें सुनी जा सकती हैं। सूरज ने वीडियो और ऑडियो साक्ष्य के साथ मदद मांगी है। उसने पुलिस कप्तान से मिलकर कार्रवाई की मांग की है।
