कैथल में विवाहिता का ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप:बोलीं- जबरन गर्भपात भी करवाया, पति सहित छह पर FIR
कैथल जिले के कलायत थाना के तहत आने वाले एक गांव में एक विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। महिला ने ससुराल पक्ष के छह लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ यह भी आरोप है कि उन्होंने जबरन उसका गर्भपात करवा दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में विवाहिता ने कलायत थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विवाहिता के पति, सास, ससुर दो ननद व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मारपीट कर घर से कैश लाने को कहा जानकारी के अनुसार करीब 24 वर्षीय विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी एक वर्ष पहले आशीष नामक युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे ठीक रखा, लेकिन बाद में उससे दहेज की मांग करने लगे। उससे समय-समय पर मारपीट की गई और उसे घर से पैसे लाने के लिए कहा गया। उसका परिवार पैसे देने में समर्थ नहीं है। ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ केस शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि जब वह गर्भवती हुई, तो आरोपियों ने मिलकर उसका गर्भपात करवा दिया। उसके बाद भी उससे लगातार मारपीट करते रहे। विवाहिता ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कलायत थाना से जांच अधिकारी हरप्रीत कौर ने बताया कि इस संबंध में विवाहिता ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।



