सोनीपत पुलिस लाइन में जनरल परेड:DCP बोलीं- जवान मानसिक-शारीरिक तौर पर रहें तत्पर; दंगा रोधी उपकरणों की जांची तैयारी
सोनीपत पुलिस ने आज पुलिस लाइन में जनरल परेड का आयोजन किया गया। इसमें जिले के अधिकांश पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लेना और उन्हें विषम परिस्थितियों में अराजक तत्वों से निपटने के लिए तैयार रखना था। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं ईस्ट जोन) परबिना पी ने परेड का निरीक्षण किया और दंगा रोधक दस्ते की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने दंगा नियंत्रण उपकरणों का भी निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को उनके संचालन के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को एंटी रायट ड्रिल और दंगा नियंत्रण उपकरणों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें अराजक तत्वों और उपद्रवियों से निपटने के लिए ड्रिल का अभ्यास भी करवाया गया। पुलिसकर्मियों को शस्त्र प्रयोग के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) अमित धनखड़, विभिन्न थानों के निरीक्षक/थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण तथा महिला पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस उपायुक्त परबिना पी ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें ड्यूटी के दौरान सदैव मानसिक एवं शारीरिक रूप से तत्पर रहना चाहिए और दंगा नियंत्रण के समस्त उपकरण सक्रिय दशा में सदैव अपने साथ रखने चाहिए, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस को भीड़ के आकस्मिक एकत्रित होने अथवा किसी घटना विशेष के होने से उत्पन्न हुए रोष से लोगों के अवैधानिक रूप से एकत्रित होने तथा बलवा करने से उत्पन्न हुई स्थिति को नियन्त्रित करने के लिए एन्टी रायट ड्रिल का प्रयोग करना चाहिए, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ड्यूटी के दौरान दंगा निरोधी उपकरणों से लैस होकर रहेगें ताकि यदि कोई असामाजिक तत्व सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करता है तो पुलिस की तैयारी के मद्देनजर उसका प्रयास विफल हो और स्थिति सामान्य रहे। परेड के अंत में पुलिस उपायुक्त ने परेड ग्राउंड में खड़ी राइडरों व ERV’S का भी निरीक्षण किया और पुलिस लाईन में स्थित सभी कार्यालयों व कोत को चैक किया और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को उचित दिशा निर्देश दिए।
