सहरसा में रिटायर्ड शिक्षक की गोली मारकर हत्या:खेत में काम के दौरान 4 बदमाशों ने की फायरिंग, 3 गोलियां लगने से गई जान
सहरसा में रिटायर्ड शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार के देर शाम वे अपने खलिहान में मक्का की फसल की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान दो अलग-अलग बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगीं। स्थानीय लोग उन्हें खगड़िया के सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना चिडैया थाना क्षेत्र के साम्हरखुर्द गांव की है। मृतक की पहचान विजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। वे पूर्व पंचायत समिति सदस्य भी रह चुके थे। भतीजे ने भागकर बचाई अपनी जान मृतक के भतीजे गगन सिंह ने बताया कि वह भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। विजय सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली व्यक्ति थे। वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे। उनकी हत्या से गांव में शोक की लहर है। सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल के प्रभारी एसडीपीओ मोहम्मद सुजाउद्दीन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है।
