रेवाड़ी में सरपंच प्रतिनिधि पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने हथियार बरामद किए; माजरा सरपंच समेत 15 पर दर्ज है केस
रेवाड़ी में गणतंत्र दिवस के दिन सरपंच प्रतिनिधि पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परतापुर निवासी पंकज और काठीवास निवासी साहिल के रूप में हुई है। 15 लोगों पर दर्ज हुआ था मुकदमा भालखी सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र उर्फ धोलियां ने खोल थाना पुलिस को दी शिकायत में माजरा सरपंच रविंद्र उर्फ हाथी सहित कुल 15 लोगों पर जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पंकज पर पहले से छह और साहिल पर दो लड़ाई-झगड़े के मामले दर्ज हैं। एनएच-11 पर हुआ था हमला पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के बाद सुरेंद्र उर्फ धोलियां अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-11 पर माजरा गांव के पास तीन गाड़ियों में सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, उनके शरीर में 12 से अधिक फ्रैक्चर पाए गए हैं। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। हथियार और गाड़ियां बरामद डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस ने आरोपी पंकज के पास से एक हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ियां बरामद की हैं। पुलिस की टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। सीवर निर्माण विवाद से जुड़ा मामला डीएसपी ने बताया कि हमले की मुख्य वजह 19 जनवरी को सीवर निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद था। उस समय दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। डीएसपी बोले- सख्त कार्रवाई होगी डीएसपी डॉ. रविंद्र ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।



