यमुनानगर में नहर पर बना 70 साल पुराना पुल टूटा:छठ पर्व पर हजारों श्रद्धालु थे मौजूद, प्रशासन ने सुबह ही किया था बंद
यमुनानगर में जिंदल पार्क के पीछे पश्चिमी यमुना नहर पर बना लगभग 70 वर्ष पुराना बाडी माजरा का पुल आज मंगलवार की शाम करीब 5 बजे अचानक बीच से टूटकर नहर में जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पुल पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। पुल नहर के दोनों किनारों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग होने के कारण स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण था छठ पर्व के अवसर पर सोमवार की रात को इस पुल पर सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए एकत्रित हुए थे। सुबह ही पुल की जर्जर हालत को देखते हुए जिला प्रशासन ने दोनों तरफ मिट्टी गिराकर इसे पूर्ण रूप से बंद कर दिया था। शाम करीब 5 बजे पुल का मध्य भाग अचानक ध्वस्त हो गया और पानी में गिर गया।



