नगरपरिषद की स्वच्छता रंगोली पर ही कचरा फेंका जा रहा:मारू स्कूल के पास बनाई थी रंगोली, पूरे शहर में खुले में कचरा फेंक रहे लोग
सीकर में स्वच्छता अभियान को आमजन ठेंगा दिखा रहे हैं। शहर में मारू स्कूल के पास नगरपरिषद के कार्मिकों ने स्वच्छता सर्वेक्षण का संदेश देने के लिए रंगोली बनाई, कुछ देर बाद आसपास के कॉलोनीवासियों ने वहीं पर कचरा फेंक दिया। ऐसे में सीकर की स्वच्छता सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधरे भी तो कैसे? सीकर में नगर परिषद की ओर से स्वच्छता का संदेश देने और सीकर को गंदगी मुक्त बनाने के लिए जगह-जगह रंगोली बनाई जा रही है। फतेहपुर रोड पर मारू स्कूल के पास नगरपरिषद ने रंगोली बनाई लेकिन कुछ ही देर बाद वहां आसपास के लोगों ने कचरा फेंकना शुरू कर दिया। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि लोग बेरोक-टोक खुले में कचरा फेंक रहे हैं। स्वच्छ भारत अभियान में सीकर को नंबर-1 पोजिशन पर लाने के लिए प्रशासन और नगर परिषद इन दिनों जनजागरण में लगे हैं। नगर परिषद कमिश्नर शशिकांत शर्मा ने बताया कि नगर परिषद की ओर से स्वच्छता सर्वेक्षण के पोस्टर लगाकर और रंगोली बनाकर लोगों को साफ-सफाई का संदेश दिया जा रहा है। आमजन से अपील है कि सीकर को स्वच्छ रखने में सहयोग दें, लोग खुले में कचरा फेंकना बंद नहीं करेंगे तो जुर्माना लगाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।



