टोंक में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पहुंचा:गेहूं और सरसों की पैदावार पर खतरा, किसानों की बढ़ी चिंता
टोंक जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में फरवरी महीने में ही गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दोपहर में मार्च जैसी गर्मी महसूस हो रही है। जहां लोगों को सर्दी से राहत मिली है, वहीं समय से पहले बढ़ी गर्मी से गेहूं और सरसों की फसलों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। फरवरी में मार्च जैसी गर्मी जिले में बीते कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय तेज धूप निकलने लगी है और लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। सर्दी अब केवल सुबह, शाम और रात तक ही सीमित रह गई है। मौसम में आए इस बदलाव से साफ संकेत मिल रहे हैं कि सर्दी का सीजन अब विदा होने की ओर है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री बढ़कर 12 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार बढ़ते अधिकतम तापमान से दिन के समय गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। गेहूं की देरी से पकने वाली फसल पर असर कृषि विशेषज्ञों के अनुसार समय से पहले बढ़ी गर्मी का सबसे ज्यादा असर देरी से पकने वाली गेहूं की फसल पर पड़ेगा। ज्यादा तापमान के कारण फसल समय से पहले पक सकती है। इससे दाना पूरी तरह विकसित नहीं हो पाएगा और कच्चा सूखने की आशंका रहेगी। इसका सीधा असर गेहूं के दाने के आकार और पैदावार पर पड़ेगा, जिससे किसानों को नुकसान हो सकता है। देरी से बोई सरसों में मोयला रोग का खतरा इसके अलावा देरी से बोई गई सरसों की फसल पर भी खतरा बढ़ गया है। अधिक गर्मी के कारण सरसों में मोयला रोग की संभावना बढ़ जाती है। यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो सरसों की पैदावार भी प्रभावित हो सकती है। किसानों की आमदनी पर पड़ेगा असर फसलों की पैदावार घटने का सीधा असर किसानों की आमदनी पर पड़ेगा। गेहूं और सरसों दोनों ही जिले की प्रमुख रबी फसलें हैं। ऐसे में समय से पहले गर्मी बढ़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस साल देर से आई और जल्दी गई सर्दी गौरतलब है कि इस साल सर्दी का सीजन देरी से शुरू हुआ था। कड़ाके की सर्दी का असर जनवरी की शुरुआत में करीब दस दिन तक ही रहा। इसके बाद मौसम में धीरे धीरे बदलाव आया और अब फरवरी में ही गर्मी बढ़ने लगी है। दिन के समय अब सर्दी का अहसास लगभग खत्म हो चुका है।



