करनाल में बंद मकान से नकदी व आभूषण चोरी:मकान पर ताला लगाकर बेटी के घर गई थी मां, ताले टूटे मिले तो पड़ोसियों ने किया फोन
करनाल जिला में तरावड़ी शहर के महावीर मंदिर के पास एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। महिला मकान मालिक घर में ताला लगाकर बेटी के यहां गई हुई थी। सुबह पड़ोसियों ने फोन कर ताले टूटे होने की सूचना दी। इसके बाद महिला तुरंत करनाल से तरावड़ी पहुंची और अंदर सामान बिखरा मिला। अलमारी और संदूक की तलाशी लेने पर चांदी और सोने के जेवर के साथ करीब 10 हजार रुपए नकद चोरी होने का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घर में नहीं था कोई सदस्य, मौका पाकर चोरों ने बोला धावा महावीर मंदिर के पास रहने वाली मधु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार से अपनी बेटी के घर गई हुई थी और घर पर ताला लगा था। आज सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर के ताले टूटे पड़े हैं। सूचना मिलते ही वह करनाल से तरावड़ी पहुंची। घर के अंदर जाकर देखा तो दोनों बहुओं की चांदी की पाजेब (पायल), दो कड़े, बच्चों की एक जोड़ी सोने की बाली और करीब 10 हजार रुपए गायब थे। बच्चों की चांदी की पायल भी चोरी हुई है। लिखित दरखास्त पर पुलिस ने दर्ज किया मामला पीड़िता ने मामले की शिकायत तरावड़ी थाना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सुरजभान कर रहे है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी चेक किया जाएगा ताकि चोरों को पकड़ने में कोई मदद मिल सके।



