सिरसा में थ्रेसर से कट कर युवक की मौत:खेत में सरसों निकालते हुए पैर फंसा: भाई के पास रहता था
सिरसा जिले में रानियां क्षेत्र के सादेवाला गांव में सरसों निकालते समय थ्रेसर की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक खेत में सरसों निकाल रहा था। अचानक उसका पैर थ्रेसर में फंस गया, जिससे वह पूरी तरह कट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है। अनिल के परिवार में उसकी विधवा मां सरोज रानी और दो भाई हैं। करीब 20 साल पहले एक सड़क हादसे में उसके पिता सुरेंद्र की मौत हो गई थी। मां की पलवल में नौकरी अनिल अपने बड़े भाई के साथ सादेवाला गांव में रहता था, जबकि उसकी मां पलवल की एक गन्ना मिल में नौकरी करती हैं। परिवार मूल रूप से फतेहाबाद जिले के धोलू गांव का निवासी है और पिछले 27 सालों से सादेवाला गांव में रह रहा था। गांव में छाया शोक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



