Twisha Sharma Case: 'मर्डर नहीं, यह सुसाइड है' - भोपाल पुलिस कमिश्नर का बड़ा दावा; सास के ड्रग्स वाले आरोपों पर भी हुआ खुलासा
Twisha Sharma Case Bhopal : ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले गुत्थी उलझती नजर आ रही है। परिजनों ने ट्विशा के शव के डबल पोस्टमार्टम की मांग करते हुए कोर्ट की शरण में है तो पुलिस का दावा है कि यह हत्या नहीं आत्महत्या है।
Twisha Sharma Case Bhopal : भोपाल के कटारा हिल्स में हुई पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। भोपाल पुलिस कमिश्नर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इसे आत्महत्या बताया है और सास द्वारा लगाए गए ड्रग्स के आरोपों को खारिज किया है। वहीं, नोएडा में रहने वाला पीड़ित परिवार शव के दोबारा पोस्टमार्टम की मांग को लेकर अड़ा हुआ है। ALSO READ: ट्विशा शर्मा मौत मिस्ट्री मामले में नया खुलासा,प्रेग्नेंसी के बाद बिगड़े हालात, मेजर भाई ने लगाए गंभीर आरोप
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अब तक मिले सबूतों से साफ होता है कि यह हत्या नहीं बल्कि खुदकुशी का मामला है। पुलिस का कहना है कि ट्विशा की मौत फांसी लगाने के कारण हुई है। नोएडा में रहने वाले ट्विशा के परिवार ने उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज के लिए मानसिक प्रताड़ना देने और हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ट्विशा को नहीं थी ड्रग्स की लत
ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह (रिटायर्ड जज) ने दावा किया था कि ट्विशा को गांजे की लत थी और ग्लैमर इंडस्ट्री में जाने के बाद उसके परिवार ने उसे छोड़ दिया था। हालांकि, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी तरह के ड्रग्स या नशीले पदार्थ के सेवन की बात सामने नहीं आई है और न ही पुलिस जांच में ऐसा कोई सबूत मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ट्विशा के शव पर मल्टीपल इंजरी के निशान है।
मौत के समय को लेकर सवाल
ट्विशा के मौत के मामले में अब समय को लेकर भी सवाल खड़ा हो गया है। सास का दावा है कि घटना की रात 10.15 बजे ट्विशा की मां का फोन आया था। वे 10.50 तक अस्पताल पहुंच गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि सीसीटीव में दिख रहा है कि रात 8.20 बजे शव को नीचे लाया जा रहा है।
पति समर्थ की तलाश जारी
मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल ट्विशा के पति समर्थ सिंह घटना के बाद से ही लापता हैं। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। उसके खिलाफ लूकआउट नोटिस भी जारी किया गया है।
दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर अड़ा परिवार
ट्विशा का परिवार पुलिस की थ्योरी से संतुष्ट नहीं है और वे शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े हैं। इस वजह से उन्होंने अभी तक शव लेने से इनकार कर दिया है। इस पर पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि दोबारा पोस्टमार्टम की अनुमति देना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं है, इसके लिए परिवार को अदालत का दरवाजा खटखटाना होगा। हालांकि, पुलिस ने इस प्रक्रिया पर कोई आपत्ति नहीं जताई है और परिवार के आवेदन को केस डायरी का हिस्सा बना लिया है।
edited by : Nrapendra Gupta



