पंचकूला पुलिस ने अवैध पिस्टल समेत युवक पकड़ा:मोहाली का रहने वाला, किसी व्यक्ति का कर रहा था इंतजार, पुलिस को सप्लायर की तलाश
पंचकूला पुलिस जिले में अवैध हथियारों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस की विभिन्न टीमें दिन-रात सक्रिय हैं। इसी कड़ी में डिटेक्टिव स्टाफ पंचकूला ने पिंजौर-पंचकूला मार्ग पर गांव बीड़ घग्गर के पास एक युवक को अवैध देसी पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहाली निवासी नवनीत सिंह उर्फ मलिंगा के रूप में हुई है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार, डिटेक्टिव स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, नवनीत सिंह उर्फ मलिंगा अवैध हथियार लेकर गांव बीड़ घग्गर मोड़ के पास किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और युवक को काबू कर लिया। सप्लायर की तलाश कर रही पुलिस तलाशी के दौरान आरोपी की दाहिनी जेब से एक अवैध देसी पिस्टल बरामद हुई। आरोपी से हथियार का लाइसेंस व परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने उस व्यक्ति का नाम बताया जिससे उसने यह पिस्टल खरीदी थी। पुलिस अब मुख्य सप्लायर की तलाश में छापेमारी कर रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पंजाब में नशा तस्करी से संबंधित एक मामला भी दर्ज है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



