फतेहाबाद में नाबालिग से रेप, आरोपी गिरफ्तार:बहलाकर घर ले गया; सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो भेज किया ब्लैकमेल
फतेहाबाद की महिला थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ रेप करने, पीछा करने, अश्लील फोटो भेजकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार भेज दिया गया है। महिला थाना प्रभारी अरुणा ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी काफी समय से पीड़िता का पीछा कर रहा था और सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर उसे संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। नाबालिग को घर ले गया, नशे की हालत में रेप पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां जाकर नशीला पदार्थ दिया। जिसके बाद उसके साथ गलत काम किया। होश में आने पर आरोपी ने उसे धमका कर चुप रहने के लिए मजबूर किया। आरोपी पहले भी सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो भेजकर नाबालिग को ब्लैकमेल करता रहा है। पॉक्सो सहित कई धाराओं में केस दर्ज आरोपी की पहचान गांव जांडवाला सोत्तर निवासी रवि के रूप में हुई। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 64(2)एम, 78, 79, 123, 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 67 व 67ए और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 व 12 के तहत केस दर्ज किया है।



