नवजात की मौत के बाद परिजन ने किया हंगामा:वैशाली में डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप, प्रभारी डॉक्टर बोली-घर पर हुआ था जन्म
वैशाली के बिदुपुर पीएचसी में नवजात की मौत से तनाव का माहौल बन गया। अमेर गांव के वार्ड नंबर-13 निवासी राजकुमार चौधरी की पत्नी लक्ष्मी देवी ने रविवार रात बेटे का जन्म दिया। लेकिन सुबह 6 बजे नवजात की मौत हो गई। परिजन ने बताया कि लक्ष्मी देवी को रात 11 बजे अस्पताल लाया गया। रात 12 बजे बच्चे का जन्म हुआ। जन्म के समय से ही बच्चे की तबीयत खराब थी। परिवार का आरोप है कि चिकित्सकों की लापरवाही से बच्चे की जान गई। जन्म के बाद बच्चा आया था अस्पताल हालांकि, बिदुपुर पीएचसी की चिकित्सा प्रभारी डॉ. रेखा सिन्हा का कहना अलग है। उनके अनुसार बच्चे का जन्म घर पर हुआ था। अस्पताल लाने के समय मां और बच्चा दोनों स्वस्थ थे। उन्होंने यह भी बताया कि मरीज को रेफर नहीं किया गया, परिजन खुद उसे लेकर चले गए। मृत बच्चे के पिता राजकुमार ने बताया कि वह अपने पिता के श्राद्ध कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसलिए रात में अस्पताल नहीं पहुंच सके। उनके पिता की मृत्यु 23 मई को हुई थी। राजकुमार की एक 2 साल की बेटी है और यह उनका पहला बेटा था। बिदुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। पुलिस जांच जारी है।
