फलोदी में माहेश्वरी महिला मंडल ने मनाया रजवाड़ी गणगौर उत्सव:ईसर-गवर की यात्रा निकली, 'क्वीन ऑफ द डे' प्रतियोगिता भी हुई
शहर के माहेश्वरी कटले में माहेश्वरी महिला मंडल ने रजवाड़ी शैली में गणगौर उत्सव का आयोजन किया। इस उत्सव में राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं को प्रमुखता दी गई। कार्यक्रम की थीम रजवाड़ी रखी गई, जिसमें रजवाड़ी गणगौर मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर एक गणगौर यात्रा निकाली गई। ईसर-गवर को ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्य मार्गों से होते हुए माहेश्वरी कटले तक लाया गया। इस यात्रा में समाज की महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी पोशाक पहनकर भाग लिया। कटले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ईसर के रूप में कृष्णा फोफलिया और गवर के रूप में सुमन टावरी ने अपनी प्रस्तुति दी। उत्सव के दौरान "रजवाड़ी क्वीन ऑफ द डे" प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें मीना भट्टड़ ने गणगौर क्वीन का खिताब जीता। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. ममता सुथार, मेघना थानवी और निकिता राजपूत ने जज के रूप में किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यक्ष तरुणा लोहिया, उपाध्यक्ष कांता गांधी, सचिव निधि सावना, कोषाध्यक्ष वनिता फोफलिया, सह-सचिव मंजू बूब और महिला मंडल का विशेष योगदान रहा।



