सीतापुर में बाइक की टक्कर से अधेड़ व्यक्ति की मौत:होटल काम पर जाते समय हादसा, बाइक लेकर आरोपी युवक फरार
सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 4 बजे तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह होटल में काम करने के लिए घर से निकले थे। गंभीर रूप से घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनकी मौत हो गई। शहर के आगा कॉलोनी निवासी 40 साल के पिंटू पाल शनिवार को अपने घर से होटल में काम करने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिंटू पाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पिंटू पाल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



